धर्म ज्ञान

भगवान सत्यनारायण की क्या है महिमा, जानें कैसे पूरी हो सकती हैं मनोकामनाएं!

आपने सत्यनारायण भगवान की पूजा के बारे में ज़रूर सुना होगा… और आप में से कई इस पूजा में शामिल भी हुए होंगे, लेकिन कभी आपने यह जानने की कोशिश की कि आखीर कौन है भगवान सत्यनारायण और इनकी पूजा की क्या है महिमा?

बता दें कि हमारे जीवन में सुख, शांति और संपन्नता के लिए सत्यनारायण भगवान की पूजा की जाती है, क्योंकि इसे हर मनोकामना पूरी करने वाला माना गया है। यही नहीं, सत्यनारायण भगवान की कथा सदियों से हम धरतीवासियों का कल्याण करती आ रही है।

वहीं, ज्योतिष के अनुसार सत्यनारायण व्रत का अनुष्ठान करके इंसान अपने तमाम दुखों से मुक्ति आसानी से पा सकता है। यूं तो लोग अपनी कोई मन्नत पूरी होने पर सत्यनारायण की कथा और व्रत का आयोजन करते हैं… लेकिन जीवन में सुख, शांति और संपन्नता के लिए भी सत्यनारायण भगवान की पूजा आप अवश्य कर सकते हैं।

आज वेद संसार आपको बताने जा रहा है कि सत्यनारायण भगवान की महिमा क्या है और आखीर इस खास पूजा को घर-घर क्यों किया जाता है।

यह बहुत कम लोग जानते हैं कि भगवान सत्यनारायण विष्णु भगवान का ही एक रूप हैं। भगवान सत्यनारायण का उल्लेख स्कन्द पुराण में साफ मिलता है… स्कन्द पुराण में भगवान विष्णु ने नारद को इस व्रत का महत्व भी बताया है। यही नहीं, कलयुग में सबसे सरल, प्रचलित और प्रभावशाली पूजा भगवान सत्यनारायण की ही मानी गई है।

सत्यनारायण पूजा से जुड़ी खास बातें यहां –

ज्योतिषों की मानें तो सत्यनारायण व्रत कथा के दो भाग हैं –

पहला: व्रत-पूजन 

दूसरा: सत्यनारायण की कथा

ऐसी मान्यता है कि कलियुग का सबसे कल्याणकारी व्रत होता है सत्यनारायण भगवान का व्रत, क्योंकि इनकी पूजा बेहद आसान और विशेष होती है। इससे जुड़ी खास बातें यहां –

• सत्यनारायण की पूजा कम से कम सामान और बहुत सरल तरीके से की जा सकती है।

• इनकी पूजा में गौरी-गणेश, नवग्रह और समस्त दिक्पाल भी शामिल हो जाते हैं।

• इनकी पूजा केले के पेड़ के नीचे करें या फिर अपने घर के ब्रह्म स्थान पर भी आप कर सकते हैं।

• प्रसाद में पंजीरी, पंचामृत, फल और तुलसी दल सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण माना जाता है।

सत्यनारायण पूजा का उत्तम मुहूर्त क्या होता है –

हर पूजा और उपासना का एक उत्तम मुहूर्त माना जाता है, जिसमें की गई उपासना का बहुत उत्तम फल मिलता है, तो आइए हम आपको बताते हैं कि भगवान सत्यनारायण की पूजा करने का सबसे अच्छा समय कब होता है…

• किसी भी माह की पूर्णिमा को

• किसी भी बृहस्पतिवार को

• किसी भी बड़े संकट के आने पर इनकी पूजा सबसे उत्तम मानी गई है

सत्यनारायण भगवान की पूजा से पूरी होंगी विशेष मनोकामनाएं, जानें कैसे –

अगर आपके मन में भी कोई विशेष कामना है, तो आप सत्यनारायण भगवान की पूजा व आराधना कर उनकी कृपा को प्राप्त कर सकते हैं –

• नियमित रूप से हर महीने की पूर्णिमा को सत्यनारायण भगवान की पूजा करें।

• इससे आपकी विशेष मनोकामनाएं अवश्य पूरी हो सकती हैं।

विशेष उद्देश्यों के लिए सत्यनारायण पूजन का महत्व – ज्योतिष के अनुसार सनातन सत्यरूपी विष्णु भगवान कलियुग में भी अलग-अलग रूप में आकर लोगों को मनवांछित फल देते हैं। यही नहीं, इंसानों के कल्याण के लिए ही श्री हरि ने सत्यनारायण रूप लिया है…

विशेष उद्देश्यों के लिए सत्यनारायण भगवान की पूजा का क्या महत्व है, आइए जानें…

• गृह शान्ति और सुख समृद्धि के लिए इनकी पूजा विशेष काफी लाभदायक मानी गई है।

• यह पूजा शीघ्र विवाह के लिए और सुखद वैवाहिक जीवन के लिए भी फलदायी होता है।

• यही नहीं, यह खास पूजा संतान के जन्म के अवसर पर और संतान से जुड़े अनुष्ठानों पर बहुत लाभकारी माना गया है।

• विवाह के पहले और बाद में सत्यनारायण की पूजा बहुत ही शुभ फल देती है।

• आयु रक्षा तथा सेहत से जुड़ी समस्याओं में इस पूजा से विशेष लाभ माना गया है।

भगवान सत्यनारायण की पूजा विधि –

जीवन में हर तरह के कल्याण के लिए सत्यनारायण भगवान का व्रत, कथा और पूजा सबसे उत्तम व फलदायी माना गया है, क्योंकि सत्यनारायण का पूजन जीवन में सत्य का महत्व बताता है, तो आइए जानते हैं कि कैसे करें श्रीहरि के इस रूप का पूजन और उन्हें प्रसन्न –

• सबसे पहले अपने घर के ब्रह्म स्थान पर केले के पौधों से मंडप को तैयार करें।

• अब आप भगवान सत्यनारायण के विग्रह या चित्र की स्थापना करें।

• इसी के साथ कलश और दीपक की भी स्थापना ज़रूर करें।

• याद से पहले गौरी गणेश और नवग्रहों का पूजन करें।

• इसके बाद सत्यनारायण भगवान् की पूजा सच्चे मन से करें।

• उन्हें फल, पंचामृत, पंजीरी, वस्त्र और तुलसी दल जरूर अर्पित करें।

• फिर उनकी व्रत कथा कहें या सुनें और आरती भी करें।

• पूजा के बाद फल और प्रसाद सबमें अवश्य बांटें।

क्या आप किसी इच्छा की पूर्ति का इंतज़ार कर रहे हैं… तो याद से जब आपकी मनोकामना पूरी हो जाए तो अपने घर में सत्यनारायण भगवान की पूजा ज़रूर करें।

Leave a Comment